ईसबगोल की खेती से कमाएं बंपर मुनाफा: जानिए बुवाई, खाद-पानी और कटाई का सही तरीका

४ मिनट का पठन

KrishiLive.com | विशेष रिपोर्ट

रबी सीजन में ईसबगोल (Isabgol) किसानों के लिए कम लागत और कम पानी में अधिक मुनाफा देने वाली एक प्रमुख नगदी फसल (Cash Crop) है। लेकिन सही समय पर बिजाई और सही प्रबंधन न होने पर उत्पादन घट सकता है।

KrishiLive की इस विशेष रिपोर्ट में, कृषि विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप चौधरी ने ईसबगोल की खेती का सही समय, बीज की मात्रा, सिंचाई प्रबंधन और बीमारियों से बचाव की विस्तार से जानकारी दी है।

1. ईसबगोल की बुवाई का सही समय

डॉ. प्रदीप चौधरी के अनुसार, ईसबगोल की बुवाई के लिए अक्टूबर और नवंबर का महीना सबसे उपयुक्त होता है। आप 15 अक्टूबर से लेकर 25 नवंबर तक इसकी बिजाई कर सकते हैं।

  • जल्दी बिजाई का नुकसान: अगर बिजाई बहुत जल्दी कर दी जाए, तो पौधे की वानस्पतिक वृद्धि (Vegetative growth) ज्यादा हो जाती है और फसल नीचे गिर जाती है, जिससे उत्पादन घटता है।
  • देरी से बिजाई का नुकसान: अगर बहुत लेट बिजाई की, तो बालियां छोटी रह जाती हैं, जिससे भी पैदावार कम होती है। इसलिए समय का विशेष ध्यान रखें।

2. बीज की सही मात्रा और उपचार (Seed Rate & Treatment)

ईसबगोल में ज्यादा बीज डालने से फंगस और बीमारियां (जैसे- मृदुरोमिल आसिता/Downy Mildew) ज्यादा आती हैं।

  • बीज की मात्रा: मात्र 1.5 से 2 किलो बीज प्रति एकड़ (या 5-6 किलो प्रति हेक्टेयर) ही डालें। इससे ज्यादा बीज कतई न डालें।
  • बीज उपचार: बिजाई से पहले बीज को कार्बेन्डाजिम (Carbendazim), मैनकोजेब या ट्राइकोडर्मा (Trichoderma) जैसे फंगीसाइड से जरूर उपचारित करें।

3. बिजाई का सही तरीका (Sowing Method)

छिड़काव विधि की बजाय ईसबगोल की लाइन में बिजाई (Line Sowing) करें। लाइन से बिजाई करने से खरपतवार निकालने और निराई-गुड़ाई में आसानी होती है।

  • लाइन से लाइन की दूरी 25 से 30 सेंटीमीटर रखें।
  • पौधे से पौधे की दूरी 2 से 5 सेंटीमीटर रखें।
  • बीज को ज्यादा गहरा न बोएं; 2 से 3 सेंटीमीटर से अधिक गहराई नहीं होनी चाहिए।

4. उर्वरक व पोषण प्रबंधन (Fertilizer Management)

  • बुवाई के समय: खेत में SSP (सिंगल सुपर फास्फेट), NPK और पोटाश डालें। यदि SSP डाल रहे हैं, तो एक कट्टे (50 kg) में 10 किलो यूरिया जरूर मिलाएं।
  • यदि साथ मिलाने से SSP गीला हो रहा है (ढेले बन रहे हैं), तो आप बिजाई के बाद जब पहला पानी दें, तब यूरिया का घोल बनाकर दे सकते हैं।

5. ईसबगोल में सिंचाई प्रबंधन (Irrigation)

ईसबगोल बहुत कम पानी की फसल है। पूरी फसल अवधि में इसे केवल 2 से 3 सिंचाई की ही आवश्यकता होती है। कोशिश करें कि कम पानी में ही काम चल जाए।

  1. पहला पानी: उगने के 25 से 30 दिन बाद। इस समय पानी के साथ यूरिया, माइकोराइजा और फंगस की दवाई जरूर दें।
  2. दूसरा पानी: 40 से 45 दिन बाद। इस पानी के साथ ह्यूमिक एसिड (Humic Acid) और सूक्ष्म पोषक तत्व (Six Element) दें।

स्प्रे शेड्यूल:

  • 50 से 60 दिन की अवस्था में या तेज सर्दी पड़ने पर सल्फर का स्प्रे करें (2 किलो/बीघा की दर से)।
  • 70 से 80 दिन पर फसल में NPK 0:50:50 (Potassium Sulphate) और बोरॉन (Boron) का स्प्रे करें।

6. रोग और कीट नियंत्रण

  • फंगस रोग: पत्तियों पर धब्बे पड़ना, पत्तों के नीचे सफेद फफूंद आना और तने पर धब्बे फंगस के लक्षण हैं। इसके लिए उचित फंगीसाइड का स्प्रे करें।
  • चेपा (Aphids): 60-70 दिन की अवस्था में चेपा या मोयला रोग आ सकता है, जिसके बचाव के लिए कोई भी अच्छा कीटनाशक (Insecticide) स्प्रे करें।

7. कटाई के समय रखें ये खास सावधानी (Harvesting Tips)

ईसबगोल की कटाई के समय सबसे ज्यादा नुकसान बीज झड़ने से होता है। डॉ. प्रदीप चौधरी इसके लिए खास सलाह देते हैं:

  • कटाई के समय बारिश का मौसम नहीं होना चाहिए।
  • कटाई का समय: कटाई हमेशा सुबह के समय (ओस के समय) करें, जब फसल में थोड़ी नमी हो। दोपहर की गर्मी में कटाई करने से फूल और बीज झड़ने का खतरा बहुत ज्यादा रहता है।
  • कटाई करके फसल को सीधे तिरपाल पर इकट्ठा करें, ताकि बीज मिट्टी में न गिरे और आसानी से निकाला जा सके।

💬 कृषि विशेषज्ञों से लें सीधी सलाह डॉ. प्रदीप चौधरी से खेती की अधिक जानकारी के लिए किसान सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच उनसे फोन या व्हाट्सएप पर संपर्क कर सकते हैं।

खेती-किसानी की आधुनिक तकनीक, मंडी भाव और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी के लिए रोज़ाना पढ़ते रहें – KrishiLive.com

मिलते-जुलते लेख

अपनी बात कहिए

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा।